आलमनगर (मधेपुरा)। शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर आलमनगर प्रखंड अंतर्गत गंगापुर स्थित संकल्प कोचिंग सेंटर में शिक्षकों के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोचिंग संस्थान द्वारा शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने डांस, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। बच्चों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कोचिंग संस्थान के संचालक ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने छात्रों से शिक्षकों के बताए मार्ग पर चलने और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अभिभावकों, स्थानीय लोगों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। अंत में सभी ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।


0 टिप्पणियाँ